जम्मू-कश्मीर में BSF महिला जवान का निधन : राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 10:14 PM (IST)
नेशनल डेस्कः जम्मू-कश्मीर के राजौरी में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवान विनीता कुशवाहा के आकस्मिक निधन से उनके पैतृक गांव धिंयरई बरुआ में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की रहने वाली विनीता का निधन सीने में दर्द की शिकायत के बाद हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) से हुआ। रविवार को जब उनका पार्थिव शरीर राजौरी से उनके गांव लाया गया, तो पूरे इलाके की आंखें नम हो गईं।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
विनीता के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव में गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम विदाई दी गई। इस भावुक क्षण में भारी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। देश की सेवा में समर्पित इस बेटी का अंतिम संस्कार उनके मायके में ही किया गया, जिसमें उनके ससुराल पक्ष के लोग और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मेधावी छात्रा से बीएसएफ जवान तक का सफर
विनीता अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी और पढ़ाई में अत्यंत होनहार थीं। उन्होंने जलालाबाद के प्रेम किशन खन्ना डिग्री कॉलेज से बीए की शिक्षा ग्रहण की और प्रतियोगी परीक्षाओं की कड़ी तैयारी के बाद साल 2015 में बीएसएफ में कॉन्स्टेबल के पद पर चयनित हुईं।
पीछे छोड़ गईं मासूम बच्चे
विनीता की शादी साल 2018 में अजीत कुमार के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। वह अपने पीछे छह साल की बेटी अंशिका और चार साल के बेटे अयांश को छोड़ गई हैं। बताया गया है कि उनके दोनों बच्चे राजौरी में ही उनके साथ रहते थे, जबकि पति अजीत समय-समय पर उनसे मिलने वहां जाते थे। शुरुआती पारिवारिक नाराजगी के बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य हो गए थे और दुख की इस घड़ी में सभी एकजुट नजर आए।
