पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रही युवती एक दिन बाद मिली इस हाल में

Sunday, Sep 10, 2017 - 07:49 PM (IST)

पटना: बिहार के अरवल जिले की एक युवती पुलिस में भर्ती होना चाहती थी जिसके लिए वह रोज सुबह गांव के बाहर फिल्ड में दौडऩे जाती थी। शनिवार सुबह भी वह रोज की तरह दौडऩे गई लेकिन एक दिन बाद उसका शव घर पहुंचा। लड़की के पिता राधेश्याम ने बताया कि उनकी बेटी सुबह दौड़ के लिए गई थी लेकिन वह दोपहर तक नहीं लौटी तो वह बच्ची को खोजने निकले। रविवार सुबह सीमावर्ती औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के बधार उसका शव मिला। पुलिस ने शव देखकर रेप की आशंका जताई। पुलिस के अनुसार लड़की के साथ पहले रेप किया गया फिर उसकी हत्या कर दी गई। लड़की के मुंह से खून निकल रहा था और उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान थे।

लड़की का शव मिलने के बाद गांव के लोग उग्र हो गए और शव रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अगर केस दर्ज कर तेजी से छापेमारी करती तो आज लड़की जिंदा होती। डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि पुलिस रेप और प्रेम प्रसंग समेत सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। हत्या से जुड़े कुछ सुराग भी पुलिस को मिले हैं। पोस्टमॉर्टम का रिपोर्ट अभी नहीं आया है। रिपोर्ट आने पर हत्या के संबंध में कुछ और जानकारी मिलेगी। राधेश्याम की बेटी झारखंड पुलिस के लिए निकली भर्ती में चुनी गई थी लेकिन वह बिहार पुलिस में जॉब करना चाहती थी। वह पिछले एक साल से रोज सुबह गांव के बाहर फिल्ड में दौडऩे जाती थी। 
 

Advertising