बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर की विवादित टिप्पणी, बोले- ''नाचने वाले बंदर जैसे''

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 09:49 PM (IST)

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में रविवार को आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शिरकत की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और साथ ही समाज के सम्मान को लेकर अपनी बात मुखरता से रखी।

राहुल गांधी पर तंज: '55 साल के युवा नेता बंदर की तरह कर रहे उछल-कूद' 
कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कांग्रेस के युवा नेता अब 55 साल के हो चुके हैं, लेकिन उन्हें राजनीति की समझ नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि 55 के युवा राहुल गांधी विपक्ष की सही और जिम्मेदार भूमिका निभाते, तो देश आज और अधिक तरक्की करता, लेकिन वे तो बंदर की भांति इधर से उधर केवल उछल-कूद कर रहे हैं।

विदेशी फंडिंग और वाई-प्लस सुरक्षा वालों पर साधा निशाना 
बृजभूषण शरण सिंह ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसे विदेश से फंडिंग मिल रही है और उसके तमाम आंदोलन विदेशी पैसों से संचालित हो रहे हैं। यूजीसी (UGC) के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजीसी न तो आया है और न ही आगे आएगा।

इसके साथ ही उन्होंने वाई-प्लस सुरक्षा लेकर घूम रहे लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सुरक्षा घेरा लेकर घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को गाली देकर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News