मुस्लिम देश की अंतर्राष्ट्रीय इस्लामिक यूनिवर्सिटी में पढ़ाया जाएगा BJP का इतिहास

Monday, Feb 24, 2020 - 11:20 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मुस्लिम बाहुल देश होने के बावजूद एक देश लगातार भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है । इस देश का नाम है इंड़ोनेशिया। अब इस देश ने भारत की केंद्र शासित पार्टी भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) का इतिहास अपने छात्रों को पढ़ाने का निर्णय लिया है। भाजपा के इतिहास के बारे में जानकारी देने वाली एक किताब इंडोनेशिया की इस्लामिक यूनिवर्सिटी में पाठ्यक्रम का हिस्सा बनेगी। यह खबर आते सोशल मीडिया पर भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है और वे गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

भारत के आम चुनाव में भाजपा की लगातार दो बार जीत ने शिक्षाविदों में पार्टी को लेकर रुचि पैदा कर दी है। शांतनु गुप्ता की किताब ‘भारतीय जनता पार्टी- अतीत, वर्तमान एवं भविष्य, विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल की कहानी’ अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग में दक्षिण एशियाई अध्ययन के स्नातक के छात्रों के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनेगी। विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग के संकाय सदस्य हदजा मिन फदली ने कहा कि आम चुनाव में भाजपा की दो बार जीत के कारण शिक्षाविदों में पार्टी को लेकर रुचि बढ़ रही है।

हदजा ने बताया कि भारत की हालिया यात्रा के दौरान उन्हें किताब के बारे में पता चला। वह ‘इंडिया फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित कौटिल्य फेलोशिप कार्यक्रम के लिए भारत आए थे। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के लोग भारत के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं और इसलिए सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा को समझना महत्वपूर्ण है। हमें उम्मीद है कि भाजपा भी ऐसा ही चाहती है।

 

जब शांतनु गुप्ता से इंडोनेशिया के विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिए उनकी किताब को चुने जाने पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि उनके काम को वैश्विक पहचान मिलना लेखक के तौर पर उनके लिए बहुत संतोषजनक है। गुप्ता ने योगी आदित्यनाथ की जीवनी और भारत में फुटबॉल पर एक किताब समेत पांच पुस्तकें लिखी हैं।

Tanuja

Advertising