सऊदी से दिल्ली आ रही Air India फ्लाइट में बम की धमकी, अहमदाबाद में कराई गई आपात लैंडिंग

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 10:58 PM (IST)

अहमदाबादः सऊदी अरब के दम्मम से सोमवार को नई दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को "बम" की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में 32 यात्री सवार थे। 'जी' डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) वी.एन. यादव ने बताया कि चालक दल के सदस्य को धमकी वाला संदेश मिलने के बाद पायलटों ने दिल्ली जा रहे विमान का रुख मोड़कर उसे अहमदाबाद ले जाने का फैसला किया।

एसीपी ने कहा, "चालक दल के एक सदस्य को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर 'बम' लिखा हुआ था। इसके बाद विमान शाम करीब 4:30 बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।" उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी तरह जांच की और उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें अहमदाबाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 में ठहराया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "दम्मम से दिल्ली आ रहे हमारे एक विमान को बम की सूचना मिलने के बाद एहतियात के तौर पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया। सरकार की ओर से गठित बम खतरा आकलन समिति (बीटीएसी) को तुरंत इसकी जानकारी दी गई और सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं तत्काल शुरू कर दी गईं।" उन्होंने कहा कि विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को फिर से रवाना किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep