जीत के बाद गृहराज्य में बोले शाह, मोदी ने बनाया गुजरात को भाजपा का गढ़

Sunday, May 26, 2019 - 09:28 PM (IST)

अहमदाबादः भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि प्रधानमंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात को पार्टी का गढ़ बनाने का काम किया था। मोदी की तरह ही गुजरात के ही निवासी शाह ने आज यहां उनकी उपस्थिति में आयोजित सभा में कहा कि पहले गुजरात में भाजपा की कोई पूछ नही थी। पर मोदी ने गांव गांव का दौरा कर इसे मजबूत बनाया। उन्होंने ही गुजरात को पार्टी का गढ़ बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री के तौर पर मोदी के वर्ष 2001 से 2014 के कार्यकाल मे हुए विकास से देश भर में गुजरात का गौरव बढ़ा। उससे पहले राज्य को दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था। यहां रथयात्राएं (भगवान जगन्नाथ की) निकालने में भी तकलीफ होती थी। पर मोदी सरकार में राज्य में दंगे समाप्त हो गये। राज्य में बिजली और पानी की समस्या दूर हुई। यहां से गुंडाराज और भ्रष्टाचार समाप्त किया।

इसी वजह से 2014 में मोदी को जनता ने प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। उनके शासन काल में देश विदेश में भारत का सम्मान बढ़ा और विकास का आंकड़ा इकट्ठा करने वालों की आंखे फट जाये इतना काम हुआ।

शाह ने कहा कि पूरा देश एक ऐसे नेता को भी ढूंढ रहा था जो आतंकवाद को जबरदस्त जवाब दे और मोदी के शासन में पाकिस्तान में आतंकियो के खिलाफ दो दो बार सेना ने कारर्वाई कर उन्हें नेस्तनाबूद किया। मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में भाजपा का संगठन भी मजबूत हुआ और पार्टी ने चुनाव भी जीता। उन्होंने चुनावी जीत के लिए गुजरात की जनता तथा उनके लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर की जनता के प्रति आभार प्रकट किया।

 

Yaspal

Advertising