BMC चुनाव: नायडू ने कहा-भाजपा के उभरने से बौखलाई शिवसेना

Friday, Feb 17, 2017 - 02:38 PM (IST)

नई दिल्ली : महाराष्ट्र में सहयोगी दल होते हुए भी स्थानीय निकाय चुनाव में शिवसेना की ओर से जारी आलोचनाओं को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकया नायडू ने गलत बताया और कहा कि यह आदर्श स्थिति नहीं। नायडू ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा उभरकर आ रही है। भाजपा के जूनियर पार्टी से प्रमुख पार्टी बनने से बौखलाई शिवसेना उसे निशाना बना रही है। हालांकि यहां नायडू ने ‘सामना’ पर पाबंदी लगाने की भाजपा नेता की मांग को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह सिद्धांत नहीं। हम  ‘सामना’ पर प्रतिबंध लगाने नहीं देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि  ‘सामना’ में पीएम मोदी के खिलाफ कितना भी लिखा जाए, उसका असर पीएम मोदी पर नहीं पड़ेगा। उनकी लोकप्रियता बढ़ रही है और ऐसे में शिवसेना की ही छवि खराब होगी।

महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा गठबंधन के बीच बीएमसी चुनाव को लेकर बनी दरार अब खाई में तब्दील होती दिख रही है। शिवसेना अब पूरी तरीके से गठबंधन तोडऩे को तैयार नजर आ रही है। उद्धव ने भाजपा की ओर से बीएमसी में 350 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप पर कहा था कि मुंबई हमारा गढ़ है। मैं इसके खिलाफ कोई भी कलंक बर्दाश्त नहीं करूंगा। आप मेरे बारे में चाहे कुछ भी कहें लेकिन मेरे शहर के बारे में नहीं।
 

Advertising