भाजपा कार्यकर्ता चाहते हैं गांधीनगर से चुनाव लड़ें अमित शाह

Sunday, Mar 17, 2019 - 09:49 PM (IST)

अहमदाबादः गुजरात भाजपा के कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह राज्य में गांधीनगर संसदीय सीट से चुनाव लड़ें जहां मतदान 23 अप्रैल को होगा। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी करते हैं।

भाजपा ने इस सीट से उम्मीदवार के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की राय जानने के लिए शनिवार को पर्यवेक्षकों को गांधीनगर भेजा था। वेजलपुर से भाजपा विधायक किशोर चौहान ने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ें। मैंने पर्यवेक्षकों के सामने यह मांग की थी और सभी ने इसका समर्थन किया।’’ उन्होंने कहा कि शाह पहले सरखेज सीट से विधायक थे जो कि गांधीनगर लोकसभा सीट का एक हिस्सा है। चौहान ने कहा, ‘‘वह (शाह) यहां हर किसी को जानते हैं और वह हमारा प्रतिनिधित्व करने के लिए उचित उम्मीदवार हैं।’’ 

भाजपा सूत्रों ने बताया कि नारणपुरा, साणंद और साबरमती से विधायकों ने भी गांधीनगर सीट से शाह का नाम प्रस्तावित किया है। पार्टी पर्यवेक्षक निमाबेन आचार्य ने कहा कि किसी भी भाजपा कार्यकर्ता या नेता ने गांधीनगर सीट के लिए दावा पेश नहीं किया है और सभी ने ‘‘एक स्वर में मांग की है कि उनके राष्ट्रीय नेता इस सीट से चुनाव लड़ें।’’ पार्टी के एक अन्य पर्यवेक्षक पृथ्वीराज पटेल ने बताया कि सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का विचार है कि अभी तक यह सीट एक राष्ट्रीय नेता के पास थी तो केंद्रीय नेतृत्व में से ही किसी को यहां से चुनाव लडऩा चाहिए। गुजरात भाजपा प्रवक्ता भरत पंड्या ने हालांकि कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड इस पर निर्णय करेगा कि गांधीनगर से पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा या। संसदीय बोर्ड ही राज्य की अन्य सीट पर उम्मीवार का निर्णय करेगा।

लालकृष्ण आडवाणी साल 1996 के लोकसभा चुनाव को छोड़कर 1991 के बाद से गांधीनगर सीट से छह बार जीते हैं। 1996 के आम चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी गांधीनगर के साथ ही उत्तर प्रदेश के लखनऊ से भी जीते थे। गांधीनगर लोकसभा सीट के तहत सात विधानसभा क्षेत्र आते हैं गांधीनगर उत्तर, कलोल, साणंद, घाटलोडिया, वेजलपुर, नारणपुरा और साबरमती।  

Pardeep

Advertising