पुणे में BJP वर्कर की गोली मारकर हत्या, 9 राउंड फायर किए, पिछले साल हुआ था भाई का मर्डर

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 02:53 AM (IST)

नेशनल डेस्कः महाराष्ट्र के पुणे में देहू रोड पर बुधवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान रमेश रेड्डी के रूप में हुई है, जो पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता थे।

हमलावरों ने कथित रूप से उन पर नौ राउंड गोलियां चलाई। एक गोली उनके सिर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए देहू रोड स्थित आधार अस्पताल ले जाया गया , जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में दहशत और तनाव फैल गया। रेड्डी की मौत की सूचना मिलते ही उनके रिश्तेदार और समर्थक अस्पताल में जमा हो गए और उन्होंने अपना दुख एवं आक्रोश जाहिर किया। 

विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पुराने पुणे-मुंबई हाईवे को जाम करने की कोशिश की तथा हमलावरों के खिलाफ तत्काल कारर्वाई की मांग की। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। इलाके में तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इस हत्या का कनेक्शन पिछले साल हुई उनके भाई विक्रम गुरुस्वामी रेड्डी की हत्या से भी जोड़ा जा रहा है। विक्रम रेड्डी की एक जन्मदिन पार्टी के दौरान गोलीबारी में मौत हो गई थी, जहां विवाद किसी और के बीच हुआ था लेकिन वे इसका शिकार बन गए थे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News