BJP कार्यकर्ता 3404 SIR फॉर्म फोटोकॉपी करते पकड़ा गया, 5 BLO सस्पेंड
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 01:35 PM (IST)
ठाणेः महाराष्ट्र में नवी मुंबई की एक दुकान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ता को मतदाताओं की जानकारी वाले 3,000 से ज्यादा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फॉर्म की फोटोकॉपी करते हुए पकड़े जाने के बाद पांच बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब शिवसेना (उबाठा) के एक स्थानीय नेता ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पदाधिकारी सूरज पाटिल को खारघर की एक दुकान पर पनवेल विधानसभा क्षेत्र से जुड़े 3,404 एसआईआर फॉर्म के साथ पकड़ा। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रशासन को इसकी सूचना दी गयी जिसके बाद राजस्व अधिकारियों ने जब्त दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई और पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार जब्त दस्तावेजों में पनवेल विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक 188) के असली एसआईआर फॉर्म शामिल थे, जिनमें मतदाताओं के फोटो, निजी जानकारी और बीएलओ के आधिकारिक हस्ताक्षर थे। रायगढ़ के जिलाधिकारी ने कहा, ''हमारे अधिकारियों ने दस्तावेज़ों की जांच की और पाया कि वे असली थे और यह बीएलओ की जिम्मेदारी थी। इसलिए, हमने उस इलाके के पांच बीएलओ को निलंबित कर दिया।'' खारघर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पाटिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि पाटिल को हिरासत में लिया गया और रिहा करने से पहले कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें नोटिस दिया गया।
