एग्जिट पोल के दावों से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपाः विजय रूपाणी

Sunday, Dec 17, 2017 - 07:15 PM (IST)

गांधीनगरः गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने रविवार को कहा कि भले ही किसी एग्जिट पोल में भाजपा को 150 से अधिक सीट जीतते नहीं दिखाया गया हो पर पार्टी कल मतगणना के दौरान निश्चित रूप से ऐसा कारनामा कर दिखाएगी।

विजय रूपाणी, जो खुद राजकोट पश्चिम सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं, ने आज एक गुजराती चैनल से बातचीत में कहा कि जैसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद किसी भी एग्जिट पोल में 325 सीटें भाजपा को मिलने की संभावना नहीं की गई थी पर पार्टी ने उतनी सीटें जीतीं उसी तरह गुजरात के मामले भी भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतेगी। 

उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में गहरा विश्वास है। यहां केवल विकास ही मुद्दा रहा है। रूपाणी ने कहा कि कांग्रेस ने खुद विवादित मुद्दे चुनाव के दौरान पैदा किये। उनके नेता मणिशंकर अय्यर ने मोदी को नीच कहा। उनके नेता पाकिस्तानी उच्चायुक्त से मिले और राहुल गांधी का नाम सोमनाथ के गैर हिन्दू रजिस्टर में दर्ज कराया। भाजपा ने यह सब स्वयं नहीं किया। 

उन्होंने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी अथवा पाटीदार आंदोलन चुनावी मुद्दे नहीं रहे हैं। हार्दिक पटेल का झूठ जनता समझ गई है। आरक्षण के मामले में कांग्रेस से उनकी झूठी साठगांठ का पर्दाफाश हो गया है। सारे व्यापारियों ने और पाटीदार समुदाय ने भाजपा को समर्थन दिया है।  

Advertising