शाह बोले- बंगाल चुनाव मोदी के ‘विकास' VS ममता के ‘विनाश' मॉडल के बीच मुकाबला, जीतेगी BJP

Friday, Feb 12, 2021 - 10:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक ‘‘विफल प्रशासक'' बताया और कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव नरेंद्र मोदी के ‘‘विकास मॉडल'' और उनके (ममता के) ‘‘विनाश मॉडल'' के बीच मुकाबला होगा। शाह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मैं बंगाल में ममता को संभालने नहीं बल्कि उखाड़ने आया हूं। शाह ने संशोधित नागरिकता कानून का मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा विरोध किए जाने का भी मुद्दा उठाया और कहा कि covid-19 टीकाकरण खत्म होने के बाद इस कानून को लागू किया जाएगा।

शाह ने कहा कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा' एक मुख्यमंत्री, विधायक या मंत्री बदलने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठ खत्म करने और पश्चिम बंगाल की स्थिति बदलने के लिए है। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा का उद्देश्य ‘‘बुआ-भतीजे'' द्वारा संरक्षित भ्रष्टाचार को खत्म करना भी है। भाजपा बनर्जी और उनके भतीजे एवं डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक पर ‘‘भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप देने'' का आरोप लगाती रही है। 

मई के बाद ममता नहीं रहेगी सीएम
गृह मंत्री ने दावा किया कि मई के बाद (जब विधानसभा चुनाव खत्म होंगे) ममता बनर्जी मुख्यमंत्री नहीं रहेंगी। उन्होंने साथ ही कहा कि वह भी तब तक ‘जय श्रीराम' कहने लगेंगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा द्वारा निकाली जा रही पांच ‘परिवर्तन यात्राओं' में से चौथी यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा एक मुख्यमंत्री, विधायक या मंत्री बदलने के लिए नहीं है। यह घुसपैठ खत्म करने के लिए है, यह हिंसा समाप्त करने और ‘सोनार बांग्ला' बनाने, यह बंगाल के परिवर्तन के लिए है। 

भाजपा जीतेगी 200 से ज्यादा सीटें
शाह ने दावा किया कि भाजपा राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीटें जीतेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ममता दीदी केवल घुसपैठ के मुद्दे पर चुनाव हारेंगी।'' शाह ने 23 जनवरी की उस घटना का जिक्र किया जब बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मनाने के लिए आयोजित उस आधिकारिक कार्यक्रम में 'जय श्रीराम' के नारे लगने के बाद बोलने से इनकार कर दिया था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल थे। उन्होंने कहा कि बनर्जी के रुख का उद्देश्य किसी खास समुदाय को खुश करने का था। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘बंगाल में ऐसा माहौल बना दिया गया है कि जय श्री राम का उद्घोष करना अपराध बन गया है। जय श्री राम सुनने के बाद उन्हें गुस्सा क्यों आता है? ममता दीदी, अगर जय श्री राम का नारा यहां नहीं लगेगा तो क्या पाकिस्तान में लगेगा?'' बनर्जी का मखौल उड़ाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आप इस पर गुस्सा इसलिए करती हैं क्योंकि आप वोट बैंक की राजनीति के लिए एक विशेष वर्ग के लोगों को खुश करना चाहती हैं।

भगवा पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की चुनावी जीत से ओडिशा, तेलंगाना और अन्य राज्यों में पार्टी के लिए रास्ता बनेगा जहां पर भाजपा सत्ता में नहीं है। उन्होंने भाजपा की सोशल मीडिया टीम को पश्चिम बंगाल की 10 करोड़ की आबादी में से दो करोड़ आबादी तक पार्टी के संदेशों एवं केंद्र की उपलब्धियों को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया। 

Seema Sharma

Advertising