दक्षिण भारत में समर्थन से भाजपा हासिल करेगी 350 सीटें: गोयल

Monday, Oct 29, 2018 - 01:56 AM (IST)

हैदराबादः केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को यहां विश्वास व्यक्त किया कि दक्षिण भारत में जनता के समर्थन से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों में मिशन 350 के लक्ष्य को हासिल कर लेगी। गोयल ने सिकंदराबाद के परेड मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजुमो) के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम को देश के 120 करोड़ लोगों का समर्थन है। 

उन्होंने कहा कि हम लोग 2019 के आम चुनाव में 350 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल तथा तमिलनाडु की जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए कठिन परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमें युवा शक्ति पर पूरा भरोसा है। 

उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कुछ दिन पहले पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक में 2019 में होने वाले आम चुनाव में पार्टी के लिए 350 सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया था। पार्टी ने 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में 282 सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी अब इसमें 68 सीटों की बढ़ोतरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।  

Pardeep

Advertising