शिवसेना से गठबंधन की कोशिश अंत तक करती रहेगी भाजपा: चंद्रकांत पाटिल

punjabkesari.in Saturday, Jun 30, 2018 - 06:54 PM (IST)

मुंबई : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को कहा कि पार्टी शिवसेना से गठबंधन की कोशिश अंत तक’ करती रहेगी। पाटिल ने कहा कि यदि भाजपा और शिवसेना एक साथ रहीं तो विपक्षी कांग्रेस और एनसीपी ‘कहीं नहीं’ रहेंगी।

गौरतलब है कि भाजपा और शिवसेना केंद्र और महाराष्ट्र की सरकार में साझेदार हैं , लेकिन दोनों के बीच तकरार की खबरें अक्सर आती रहती हैं। शिवसेना ने अगला लोकसभा चुनाव अकेले लडऩे का फैसला किया है। भाजपा नेता ने बताया , ‘यदि दोनों लोकसभा उप - चुनावों , छह स्थानीय निकाय क्षेत्रों और चार शिक्षक / स्नातक क्षेत्रों के लिए विधान परिषद चुनावों के नतीजों को देखें तो भाजपा और शिवसेना को अधिकतम वोट मिले हैं। कांग्रेस और एनसीपी को जबर्दस्त नुकसान हुआ है।’ उन्होंने कहा , ‘यदि हम दोनों साथ आ गए तो दोनों विपक्षी पार्टियां कहीं नहीं रहेंगी।’ हाल में पालघर लोकसभा सीट पर हुए उप - चुनाव में भाजपा ने शिवसेना को हराया था जबकि कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई थी।

विधान परिषद की कुछ सीटों पर हुए चुनावों में भाजपा ने लातूर - बीड - उस्मानाबाद स्थानीय निकाय सीटें और कोंकण स्नातक सीट एनसीपी से छीनी थी। परभणी - हिंगोली और नासिक स्थानीय निकाय सीटों पर शिवसेना ने एनसीपी को मात दी। पाटिल ने कहा , ‘हम शिवसेना से गठबंधन की कोशिश अंत तक करते रहेंगे। मतभेद सुलझाए जा सकते हैं। बहरहाल , यदि शिवसेना ने अकेले चुनाव लडऩे का अपना फैसला नहीं बदला तो भाजपा भी अपने दम पर लड़ेगी।’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News