भाजपा को केन्द्र में शून्य तक समेटा जाएगा: ममता

Monday, Dec 03, 2018 - 08:55 PM (IST)

केशियारी : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को केन्द्र में शून्य तक समेट दिया जाएगा। राज्य के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा,‘हम इससे पहले माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को उखाड़ चुके हैं। हम भाजपा के साथ भी ऐसा ही करेंगे। यह हमारा संकल्प है।’

उन्होंने कहा,‘दिल्ली से कुछ नेता यहां मौसमी पक्षियों की तरह आते हैं और तनाव पैदा करते हैं। हम लोगों के साथ वर्ष भर खड़े रहते हैं। वे विनाशकारी और विभाजनकारी राजनीति में विश्वास करते हैं। जब वे सत्ता में आए तो एक गरीब पानवाले की हत्या कर दी गई, हमने उसके पुत्र को नौकरी दी और परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे।’ तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा,‘आज जब हम इस बैठक के लिए आ रहे थे तो उन्होंने हमारे एक कार्यकर्ता को पीट दिया। आत्मविश्वास अच्छी बात है लेकिन अतिआत्मविश्वासी होना सही नहीं है। आपने तृणमूल पर हमला करके बहुत बड़ी गलती की है।’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम आपकी विनाशकारी राजनीति का शिकार नहीं होंगे। कानून अपना काम करेगा। हम केन्द्र सरकार की धमकियों से नहीं डरने वाले। भाजपा को जल्द ही शून्य पर समेट दिया जाएगा।’सुश्री बनर्जी ने कहा,‘रामचंद्र लड़े और रावण को मारा। हम भी इस राजनीतिक युद्ध में ‘रावण’ को मारेंगे। हम तैयार हैं। हम गंगासागर के साधुओं और रामकृष्ण मिशन के भिक्षुओं का सम्मान करते हैं। हम भाजपा का सम्मान नहीं करते। उनकी रथ यात्रा वास्तव में रावण यात्रा है।’

shukdev

Advertising