राहुल को दबाने के लिए धन और मीडिया का इस्तेमाल कर रही भाजपा, प्रियंका गांधी ने लगाए आरोप

Wednesday, Apr 24, 2024 - 09:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके भाई राहुल गांधी को बदनाम करने के लिए अभियान चलाने में धन और मीडिया का इस्तेमाल करती है। वायनाड लोकसभा क्षेत्र में राहुल गांधी के लिए जोरदार तरीके से प्रचार कर रहीं प्रियंका ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने इस तरह के अपशब्दों पर विनम्रता और गरिमापूर्ण तरीके से प्रतिक्रिया दी है।

प्रियंका ने इस लोकसभा क्षेत्र के निलांबुर में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा, "इस देश में किसी अन्य राजनेता या किसी अन्य नेता का मेरे भाई की तरह अपमान नहीं किया गया, किसी के साथ ऐसा दुर्व्यवहार नहीं किया गया और किसी के बारे में इस तरह झूठ नहीं बोला गया।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राहुल को बदनाम करने और देश को उनके बारे में हर तरह की झूठी चीजें दिखाने के लिए 'अपने पूरे धन बल और मीडिया तथा अपनी पूरी ताकत के साथ' अभियान चलाया है।

प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी ने घुटने में गंभीर परेशानी होने के बावजूद 'भारत जोड़ो यात्रा' में कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की जिसका एकमात्र मकसद देश की जनता को यह याद दिलाना था कि 'हम एक हैं'। कामबलक्कड और निलांबुर में अपने भाषणों में प्रियंका ने पिछले पांच साल में वायनाड संसदीय क्षेत्र के लिए राहुल द्वारा किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।

Parveen Kumar

Advertising