विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उछाला ट्रम्प का नाम

Monday, Oct 30, 2017 - 12:33 AM (IST)

शिमला(ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने चम्बा के तीसा में चुनाव प्रचार के दौरान अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का नाम उछाला। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से अपनाई गई नीतियों का अनुसरण करते हैं। 


उन्होंने कहा कि जब अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव हो रहे थे तो ट्रम्प ने मोदी की नीतियों के आधार पर अपने देश को आगे ले जाने की बात कही थी। इसी कारण उन्होंने चुनाव में आगे चल रही हिलेरी किं्लटन को भी पछाड़ दिया था। धूमल ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी का न केवल देश मुरीद है बल्कि विश्व में भी उनके नाम का डंका बज रहा है। मोदी आज देश को आगे ले जा रहे हैं। यदि प्रधानमंत्री का अमरीका में इतना प्रभाव है तो हिमाचल प्रदेश इससे कैसे अछूता रह सकता है। उन्होंने अपने भाषण में भाजपा के सत्तारूढ़ होने पर विकास कार्य करवाने पर अपना ध्यान केंद्रित रखा तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। हालांकि उन्होंने चम्बा में कुछ माह पहले घटित साम्प्रदायिक तनाव को लेकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी भेदभाव के काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया। 

Advertising