''सफाई देने में इतना समय क्यों लगा'', भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना, राहुल गांधी से पूछे सवाल?

Tuesday, Jan 24, 2023 - 04:08 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी ने दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवाल को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक प्रेस-कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि उन्हें सफाई देने में इतना समय क्यों लगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर कांग्रेस अपना रुख साफ करे। राहुल गांधी अपने बयान वापस लेंगे? राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े थे। उन्होंने पूछा कि खून की दलाली का बयान क्यों दिया। कांग्रेस को सेना का अपमान करने की आदत है। निजी बयानों की सीमा क्या होगी? भाजपा ने कहा कि जयराम ने मीडिया को सवाल करने से रोका। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस जब फंसती है तो निजी विचार बताकर बचने का प्रयास करती है।

राहुल ने बताया निजी बयान
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह और उनकी पार्टी ‘सर्जिकल स्ट्राइक' पर दिग्विजय सिंह के बयान से सहमत नहीं हैं और सशस्त्र बलों को कोई सबूत दिखाने की जरूरत नहीं है। सिंह ने सोमवार को ‘सर्जिकल स्ट्राइक' पर सवाल उठाया था और सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं दिग्विजय सिंह के बयान से सहमत नहीं हूं। यह पूरी तरह स्पष्ट है कि हम इससे असहमत हैं। यह कांग्रेस का आधिकारिक रुख है।" उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें (सशस्त्र बलों को) कोई सबूत देने की जरूरत नहीं है।'' जम्मू-कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने सोमवार को कहा था, ‘‘वे ‘सर्जिकल स्ट्राइक' की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।''

बता दें कि जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा था। अपनी टिप्पणियों से अक्सर विवाद पैदा करने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।''

Yaspal

Advertising