सज्जन कुमार को सजा के मद्देनजर राहुल दें इस्तीफा: संबित पात्रा

Monday, Dec 17, 2018 - 06:09 PM (IST)

बेंगलुरु: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने 1984 के सिख दंगा मामलोंं में सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाये जाने के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पद से इस्तीफा देने की मांग की है। पात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय की ओर से कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को सोमवार को सिख दंगा मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने को देखते हुए गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने सज्जन कुमार को पार्टी से निकालने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय का फैसला एक व्यक्ति के नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी के खिलाफ निर्णय है। 



भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 1984 के बाद ज्यादातर समय तक कांग्रेस ने देश पर शासन किया और यह पार्टी सज्जन कुमार जैसे लोगों को बचाने का प्रयास करती रही। यहां तक कि 10 वर्षों तक देश में सिख प्रधानमंत्री (डॉ. मनमोहन सिंह) रहे लेकिन दंगा पीड़तिों को न्याय नहीं मिला।  उन्होंंने कहा कि कांग्रेस को पार्टी नेता कमलनाथ को मध्य प्रदेश का सीएम नहीं बनाना चाहिए। उन्हें कांग्रेस से निकाल दिया जाना चाहिए क्योंकि न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जी टी नानावती आयोग ने सिख विरोधी दंगा मामलों में उन्हें दोषी ठहराया था। पात्रा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद मामले में हस्तक्षेप से इन्कार करना देश के लिए बड़ी राहत है। इस मामले में न्यायालय में पेश तीन याचिकायें खारिज कर दी गयीं जो राजनीति से प्रेरित थीं। यह फैसला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए भी एक झटका है।  



गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के 73 वर्षीय सज्जन कुमार को बरी किये जाने के फैसले को रद्द करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उन्हें एक नवंबर, 1984 को दिल्ली के राजनगर में एक परिवार के पांच लोगों की हत्या और एक गुरुद्वारे को जलाने के मामले में दोषी ठहराया गया। उच्च न्यायालय ने इसे ‘जनसंहार’ करार दिया है।  

Anil dev

Advertising