कांग्रेस के सर्जिकल स्ट्राइक पर भाजपा का तंज, कहा- उन्हें खुद नहीं पता कितनी सर्जिकल स्ट्राइक की

Friday, May 03, 2019 - 07:05 PM (IST)

नेशनल डेस्कः लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर श्रेय लेने की होड़ मची हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा को अहम मुद्दा बनाए जाने के बाद कांग्रेस ने भी अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कार्यों का श्रेय लेने में पीछे नहीं हटना चाहती। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान छह सर्जिकल स्ट्राइक कीं। कांग्रेस के इस दावे की भाजपा ने खिल्ली उड़ाते हुए ट्विटर पर व्यंग्य के अंदाज में कहा कि कांग्रेस को खुद नहीं पता कि कितनी सर्जिकल स्ट्राइक हुई।

भाजपा ने अपने ट्वीट में कहा, "कांग्रेस ने इतनी सर्जिकल स्ट्राइक की, इतनी सर्जिकल स्ट्राइक की... कि उन्हें खुद ही नहीं पता कि कितनी सर्जिकल स्ट्राइक की। इस ट्वीट के साथ भाजपा ने एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें मनमोहन सिंह के 'र्यकाल के दौरान हुई सर्जिकल स्ट्राइक' की। कांग्रेस नेताओं द्वारा बताई गई अलग-अलग संख्या को दिखाया गया है। सबसे आखिर में सेना के बयान के हवाले से दावा किया है कि साल 2016 से पहले भारत के सर्जिकल स्ट्राइक का कोई रिकॉर्ड नहीं है।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर बड़ा दावा किया कि यूपीए शासन के दौरान 6 सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी। पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक सूची भी जारी की। राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सैन्य अभियानों से राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कभी नहीं की। वहीं, भाजपा नेता अरुण जेटली ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सर्जिकल स्ट्राइक अदृश्य और अज्ञात थी।

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपीए सरकार ने 6 सर्जिकल स्ट्राइक की थी, पुंछ के भट्टल सेक्टर में ( 19 जून 2008), केल में शारदा सेक्टर, नीलम नदी घाटी के पार (30 अगस्त-1 सितंबर 2011), सावन पात्रा चेकपोस्ट (6 जनवरी 2013), नाजपीर सेक्टर (27-28 जुलाई 2013), नीलम घाटी (6 अगस्त 2013)  और एक सर्जिकल स्ट्राइक 23 दिसंबर 2013 को की गई थी। 

Yaspal

Advertising