19 को नड्डा, 23 को अमित शाह और 27 फरवरी को PM मोदी, विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक में बढ़ी भाजपा की सक्रियता

Wednesday, Feb 22, 2023 - 03:44 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। दिल्ली से कई नेता लगातार कर्नाटक का दौरा कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 18-19 फरवरी को कर्नाटक के दौरे पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 23 फरवरी यानी गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को कर्नाटक का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी शिवमोगा में एयरपोर्ट का उद्घाटन भी करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं के साथ मई में होने वाले चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा करेंगे और पार्टी की तैयारियों को नए सिरे से गति देने प्रयास करेंगे। शाह बेल्लारी जिले के संदूर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह बेंगलुरु जाएंगे, जहां वह एक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह चुनाव तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कर्नाटक भाजपा के कद्दावर नेता बी एस येदियुरप्पा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगे। सूत्रों ने बताया कि भाजपा महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी अरुण सिंह भी बैठकों में शामिल होंगे।

Yaspal

Advertising