भाजपा ने करवाई फर्जी लिस्ट जारी, मांगे माफी: कांग्रेस

Sunday, Nov 19, 2017 - 11:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात में चुनावी गहमागहमी के बीच मुख्य विपक्षी कांग्रेस के 71 उम्मीदवारों की फर्जी सूची सोशल मीडिया में रविवार रात जारी हो जाने से पार्टी में अफरातफरी मच गई और उसे आननफानन में सफाई देनी पड़ी। इस सूची में चुनाव नहीं लडने की घोषणा कर चुके पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी को बोरसद का उम्मीदवार बताया गया था। 

इसमें हार्दिक पटेल के करीबी पास नेता ललित वसोया को धोराजी तथा अल्पेश ठाकोर को भाजपा के मंत्री शकंर चौधरी की सीट वाव से प्रत्याशी बताया गया था।

गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। सोलंकी ने लिखा कि कांग्रेस के उम्मीदवारों की फर्जी लिस्ट सोशल मीडिया पर चलाई जा रही है, जिस पर मेरे हस्ताक्षर हैं। ये बिल्कुल फर्जी है और हमने ऐसी कोई सूची जारी नहीं की है।

अपने ट्वीट में भरत सिंह सोलंकी ने आगे लिखा, उम्मीदवारों के नामों की घोषणा पूरी तरह से केंद्रीय चुनाव समिति से जुड़ा मामला है और प्रत्याशियों की सूची हमेशा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के दिल्ली मुख्यालय से जारी की जाती है।

सोलंकी की हूबहू हस्ताक्षर से जारी इस सूची को लेकर मची अफरातफरी के बीच कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा कि यह सूची फर्जी है। यह भाजपा का कारनामा है। इस मामले में पार्टी कानूनी कार्रवाई करेगी। उधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता भरत पंडया ने कहा कि फर्जी सूची कांग्रेस की अंदरूनी गुटबंदी का परिणाम है। इससे भाजपा का कोई लेना देना नहीं। 

Advertising