...सिद्धू तूने ये क्या किया?

Wednesday, Aug 22, 2018 - 02:02 PM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): पंजाब की कांग्रेस सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान सेना को परोक्ष प्रोत्साहन एवं समर्थन दिए जाने के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अकबर रोड पर एकत्र हुए और वहां से नारे लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के समीप पहुंचे, जहां भारी पुलिस बल ने आगे बढऩे से रोक दिया और हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। 

युवा मोर्चा कार्यकर्ता ‘सिद्धू तूने ये क्या किया.. देश को शर्मसार किया, राहुल-अमरेन्दर होश में आओ-सिद्धू से इस्तीफा दिलवाओ, सिद्धू पाक जनरल का यह मेल-कांग्रेस का है यह कैसा खेल, आदि नारे लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय के समीप पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व दिल्ली युवा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील यादव एवं दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने किया। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर, युवा मोर्चा महामंत्री वासु रूक्खड एवं राम लखन सहित काफी लोग शामिल थे। 

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए राजीव बब्बर ने कहा कि मणिशंकर अय्यर सहित कांग्रेस के अनेक नेता समय-समय पर पाकिस्तान परस्तगी करते रहे हैं पर जिस तरह नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तानी सेना अध्यक्ष के गले मिलकर भारतीय सैनिकों का अपमान किया है उसने हर भारतीय को शर्मसार किया है। हम मांग करते हैं कि कांग्रेस अविलम्ब नवजोत सिंह सिद्धू पर कार्रवाई करे। सुनील यादव ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को देश के जो युवा कभी अपना रोल मॉडल समझते थे वे आज खुद को शर्मिंदा महसूस कर रहे हैं।  

 

vasudha

Advertising