चुनावों के लिये भाजपा ने भरी हूंकार, बाइक रैली निकाल दिखाया दम

Saturday, Mar 02, 2019 - 07:02 PM (IST)

कठुआ : केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने पाकिस्तान से भारत लौटने पर विंग कमांडर अभिनंदन का स्वागत करते हुए कहा है कि नौजवान योद्धा के वापिस लौटने से हमारे देश के युवाओं का भी जोश बढ़ा है। केंद्र की भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में ऐसा पहली बार हुआ है कि जो विश्व के देश पहले भारत के दृष्टिकोण को लेकर साथ नहीं थे, वे आतंकवाद के विरोध में भारत की ओर बढ़ रहे हैं। रियासत जम्मू कश्मीर का जिला कठुआ भी शहादतों का इतिहास रचता रहा है। तीन पीढिय़ों की बलिदान की कहानी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से आज तक यहां हुई है। जिस ज्वाला को मुखर्जी प्रज्ज्वलित कर गए थे, वो आज भी रोशन है। कठुआ का नौजवान आज भी देश भर के लिए , 130 करोड़ जनता के लिए गर्व का माध्यम बन सकता है और प्रेरणास्रोत भी। यह बातें राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कठुआ में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित विजय संकल्प रैली के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं। इससे पहले युवा मोर्चा के प्रधान राजेश मेहता और जिला प्रधान प्रेम डोगरा ने डॉ जितेंद्र सिंह का कालीबड़ी में फूल मालाओं से स्वागत भी किया। 


डॉ जितेंद्र सिंह ने पाकिस्तान द्वारा लगातार किए जा रहे सीज फायर उल्लंघन पर बोलते हुए कहा कि भारत हर तरह की चुनौती के लिए तैयार है। जिस तरह से जबावी कार्रवाई अब की ओर भारत की ओर से देखने को मिल रही है। ऐसी दशकों से देखने को नह१ीं मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सब आश्वस्त रहें कि देशवासियों की आस्था को लेकर उचित कदम उठाया जाएगा। वहीं, रियासत में कुछ संगठनों पर प्रतिबंध लगाने संबंधी सवाल के जबाव में डॉ सिंह ने कहा कि किस संगठन पर प्रतिबंध लगाना है, इसका कार्य गृह मंत्रालय के पास है। जबकि आर.एस.एस. जैसी संस्थाओं ने राष्ट्रवाद को लेकर बलिदान दिए हैं, ऐसे में उनकी तुलना अलगावादी संगठनों से करना एक तरह से न केवल संस्कृति की तौहीन है बल्कि प्रत्येक भारतवासी पर लांछन लगाने के बराबर है।  


रैली में युवा कार्यकर्ताओं में दिखा जोश 
कठुआ : कालीबड़ी से शुरू हुई इस रैली में युवा कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगे और भाजपा के झंडे लिए हुए युवा बाइकों पर लगातार आगे बढ़ रहे थे। यह रैली कालीबड़ी से शुरू होकर कॉलेज मार्ग से होती हुई शहीदी चौक से बाजार के बाद हटली मोड़ मार्ग से होते हुए हटली मोड़ में सम्पन्न हुई। रैली में युवा मोर्चा के गीतों की धुन भी कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ा रही थी। हटली मोड़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला प्रधान प्रेम डोगरा ने कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान को करारा जबाव दे रही है। परंतु विपक्षी दलों को पाकिस्तान पर ज्यादा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अभिनंदन को अगर पाकिस्तान ने छोड़ा है तो यह भारत सरकार की ओर से दबाव था। वहीं, युवा मोर्चा प्रधान राजेश मेहता ने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ इस रैली में भाग लेकर दर्शा दिया है कि युवा पूरी तरह से राष्ट्रहित को लेकर भाजपा के साथ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2019 को लेकर भी पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।  
 

Monika Jamwal

Advertising