भाजपा सांसद मुर्मू के चेहरे पर लगी चोट की सर्जरी की संभावना, 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 12:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू के चेहरे पर लगी गंभीर चोट के उपचार के लिए सर्जरी करनी पड़ सकती है। इसमें उनकी आंख के नीचे की हड्डी की सर्जरी भी शामिल है जो हमले में टूट गई थी। भाजपा सांसद का इलाज कर रहे अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि मुर्मू अब भी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं। उनकी हालत स्थिर है।
अधिकारी ने मीडिया एजेंसी को बताया, ‘‘मुर्मू को चेहरे पर गंभीर चोट आई है, जिसमें उनकी आंख के नीचे की टूटी हुई हड्डी भी शामिल है। वर्तमान में वह आईसीयू में हैं। हम समय-समय पर उनकी स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं और उनकी हालत स्थिर है।'' उन्होंने कहा, ‘‘सांसद को चोट के उपचार के लिए सर्जरी करवानी पड़ सकती है। हमारे डॉक्टर इसका पता लगा रहे हैं।'' अधिकारी ने बताया कि इसी अस्पताल में इलाज करा रहे भाजपा विधायक शंकर घोष की हालत भी स्थिर है। मुर्मू और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष पर जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा इलाके में राहत स्थलों का दौरा करते समय भीड़ ने हमला कर दिया था। इस घटना ने दार्जिलिंग में जारी खोज एवं बचाव अभियानों के बीच राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि वह चाहते हैं कि राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में हिंसा में लिप्त होने के बजाय लोगों की मदद करने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करे।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री पर ‘‘प्राकृतिक आपदा का राजनीतिकरण'' करने का आरोप लगाया। मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना में कथित रूप से शामिल आठ लोगों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा' को फोन पर बताया, ‘‘आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमें घटना के कुछ वीडियो फुटेज मिले हैं। हम उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। जांच जारी है।'' घोष ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय लोगों ने दोनों को ‘‘लात-घूंसे मारे और पत्थर फेंके''। भाजपा ने दावा किया कि बाढ़ और भूस्खलन पीड़ितों से संपर्क करने की कोशिश करते समय उसके नेताओं पर हमला किया गया। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कथित हमलावरों की तस्वीरें जारी कीं और सत्तारूढ़ दल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने तथा राजनीतिक हिंसा को बेलगाम होने देने का आरोप लगाया।