भाजपा सांसद बिहार के "मोदी" के विरोध में खुलकर आए आगे

Monday, Jul 24, 2017 - 04:26 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजनीति में सुशील मोदी भाजपा के लिए खलनायक हैं। बिहार का मुख्यमंत्री बनने के लिए उनमें इतनी लालसा है कि वे अपने से आगे किसी को देखना ही नहीं चाहते हैं। जिस नेता ने भी आगे बढ़ने की कोशिश की। उसे सुशील मोदी की राजनीति का शिकार होना पड़ा। ये हम नहीं बोल रहे हैं। बल्कि, पार्टी विद डिफरेंट का झंडा बुलंद करने वाली भाजपा के सांसद  के आरोप हैं। बेगूसराय से सांसद डॉ भोला सिंह ने सोमवार पूर्व डिप्टी सीम व वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील मोदी पर तीखा हमला किया। साथ ही पार्टी को सलाह दी कि भाजपा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए दरवाजा खोल देना चाहिए। 

 सांसद भोला सिंह ने कहा कि बिहार में भाजपा की राजनीति की दुर्दशा और दिशाहीन हुई है तो इसका मुख्य कारण सुशील मोदी ही हैं। उन्होंने आशंका जतायी कि सुशील मोदी 27 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा के मॉनसून सत्र को ठीक से नहीं चलने देंगे। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी का फैसला भारतीय जनता पार्टी का फैसला नहीं हो सकता। बिना नीति तय किये हुए, विचार-विमर्श किये हुए, क्या ऐसा कदम उठाया जा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के लिए सुशील मोदी केवल खास वर्ग के लोगों को सुनवाई करते हैं और हमारे जैसे लोगों को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि पार्टी में ऐसे लोग आ गये हैं, जिन्हें पार्टी से कोई मतलब ही नहीं है। भोला सिंह ने पार्टी के आला नेताओं को सलाह दी कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए भाजपा को दरवाजा खोल देना चाहिए।

अभी भाजपा ने बड़ी धीरे से खिड़की खोली है। लेकिन, सुशील मोदी उस खिड़की को धीरे से बंद कर रहे हैँ। भाजपा को खिड़की बंद करके दरवाजा खोलने की जरूरत है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह से नीतीश कुमार की तुलना करते हुए कहा कि बिहार केशरी के बाद बड़ी मुश्किल से बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिसका अपना कोई परिवार नहीं है, जिसकी अपनी कोई दौलत नहीं है। 

Advertising