लड़कियों को ‘टनाटन’ कहने वाले भाजपा सासंद को मिली धमकी

Wednesday, Oct 11, 2017 - 03:35 PM (IST)

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद डॉ बंशीलाल महतो को सोशल मीडिया में धमकी देने और पार्टी कार्यकर्त्ताओं के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार को सोशल मीडिया फेसबुक पर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के एक कार्यकर्ता दीपक वर्मा ने अपना वीडियो अपलोड किया। इस वीडियो में सांसद डॉ बशीलाल महतो के दो अक्तूबर 2017 के इस बयान का जिक्र हैं, जिसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ की लड़कियों को ‘टनाटन’ कहा था।

वीडियो में आरोपी दीपक वर्मा ने अपने बयान के लिए सांसद महतो से छत्तीसगढ़ की सभी लड़कियों से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही सांसद को धमकी देते हुए भाजपा कार्यकर्त्ताओं के लिए अपशब्दों का भी उपयोग किया गया है। दीपक वर्मा का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्त्ताओं में आक्रोश फैल गया। मंगलवार की रात सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता यहां सिटी कोतवाली में एकत्र हो गये। भाजपा के जिला महामंत्री तरुण मिश्रा ने लिखित शिकायत की।

जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक चावलानी ने आरोपी की तुरन्त गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता देर रात तक वापस लौटे। यह वीडियो सांसद निवास के घेराव के दौरान हुए उग्र प्रदर्शन को लेकर सोमवार को सात महाविद्यालयीन छात्रों की गिरफ्तारी और न्यायालय से रिहा होने के बाद मंगलवार को फेसबुक पर अपलोड किया गया है। गिरफ्तार छात्रों में एक दीपक वर्मा ने अपने इस वीडियो में इस गिरफ्तारी और रिहाई का भी जिक्र किया है। साथ ही सांसद डॉ. महतो को चुनौती दी गई है कि वे कितने लोगों को जेल भेजेंगे। उनकी जेल में कितनी जगह है। सिटी कोतवाली प्रभारी यदुमणी सिदार ने बताया कि रात में ही भूमिगत हो गए आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस की अलग-अलग टीम विभिन्न स्थानों पर आरोपी की तलाश कर रही हैं।

Advertising