BJP विधायक के कुक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ''त; सदमे में पिता ने खाया जहर, विधायक समेत 9 पर FIR
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 11:21 PM (IST)
दुमका: झारखंड के दुमका से एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी (BJP) विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइए (कुक) सोनू राउत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला है। सोनू का शव जिला परिषद के डाकबंगला स्थित एक क्वार्टर से बरामद किया गया, जिसके बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बेटे की मौत के सदमे में पिता ने भी खाया जहर
घटना की गंभीरता और दुख इस बात से और बढ़ गया है कि जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही सोनू के पिता गहरे सदमे में चले गए. बदहवास पिता ने घर में रखा जहर खा लिया, जिन्हें तुरंत गंभीर हालत में देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक सोनू राउत मूल रूप से देवघर जिले के सारवां प्रखंड का रहने वाला था और पिछले करीब तीन महीने से विधायक आवास में रसोइए के तौर पर कार्यरत था। सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाते हुए सीधा दावा किया है कि सोनू की बेरहमी से हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों के इन दावों को सोनू के चेहरे और शरीर पर मौजूद चोट के गहरे निशानों से भी बल मिल रहा है।
विधायक और उनके दामाद समेत 9 लोगों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
मामले के हाई-प्रोफाइल कनेक्शन को देखते हुए दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खैरवार स्वयं भारी पुलिस बल और फोरेंसिक (FSL) की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत पर बीजेपी विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। इसके साथ ही विधायक के आवास पर रहने वाले दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर उनसे भी कड़ी पूछताछ की जा रही है।
विधायक पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, विधायक परिवार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विधायक की बड़ी बेटी मीनू कुमारी ने बयान जारी कर कहा है कि उनके परिवार पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद, झूठे और राजनीति से प्रेरित हैं।
फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें
पुलिस ने उस क्वार्टर को सील कर दिया है जहां सोनू का शव फंदे से लटका पाया गया था। शव का पंचनामा कर उसे फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे इस सनसनीखेज मामले की हत्या और आत्महत्या, दोनों ही कोणों (एंगल्स) से गहराई से जांच कर रहे हैं. अब इस खौफनाक मौत की असली वजह से पर्दा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही उठ पाएगा।
