भाजपा मंत्री की चुनौती-हिम्मत है तो पैगंबर मुहम्मद पर बनाएं फिल्म

Tuesday, Jan 31, 2017 - 12:42 PM (IST)

नई दिल्ली : केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने भी फिल्मकार संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती का विरोध करते हुए कहा कि रानी पद्मावती हिन्दू थी, इसी वजह से उनके गलत चरित्र को दिखाया गया है। साथ ही कहा कि फिल्मकारों की हिम्मत पैगंबर मुहम्मद पर फिल्म बनाने की नहीं होती। उन्होंने कहा कि जो लोग भी भारतीय इतिहास के साथ खिलवाड़ करेंगे जनता को ऐसे लोगों को सजा देनी ही चाहिए। सिंह ने खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मीडिया से यह बात कही। बिहार के नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य है देश का कि देश में औरंगजेब को, टीपू सुल्तान को आइकन मानने वाले लोग देश के इतिहास के साथ खिलवाड़ करते हैं।

इतिहास के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हो मामला दर्ज
उन्होंने कहा कि पद्मावती ने अपने आप को मिटा दिया, लेकिन मुगलों के आगे घुटने नहीं टेके। इसलिए ऐसे लोगों को निश्चित रूप से जनता को सजा देनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि हिन्दू देवी-देवताओं के ऊपर तो एक से एक टिप्पणी आती है। किसी की हिम्मत हुई है मोहम्मद साहब के खिलाफ कोई फिल्म बना दें। सिंह ने कहा कि यह मुद्दा जनता के सामने एक चुनौती की तरह है और जनता ही इसका फैसला करेगी।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक भंसाली पर राजपूत महारानी पद्मावती को लेकर फिल्म बना रहे हैं। आरोप हैं कि फिल्म में पद्मावती और उनके प्रेम में पड़े दिल्ली के शासक अलाउद्दीन खिलजी से संबंधित तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है।

Advertising