UCC से लेकर 2 लाख नौकरियों तक, असम चुनाव के लिए BJP ने ''संकल्प पत्र'' में किए ये बड़े वादे और ऐलान
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 11:31 AM (IST)
असम चुनाव 2026 : असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके नतीजे 4 मई को आने वाले हैं। मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की मौजूदगी में BJP का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान बीजेपी ने प्रदेश के आर्थिक कायाकल्प और सुरक्षा को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी द्वारा असम के लिए नीचे दिए वादे और घोषनाओं का ऐलान किया है-
प्रमुख वादे और घोषणाएं
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में 'सुरक्षित असम और विकसित असम' के लक्ष्य को आगे रखा है:
- आर्थिक निवेश: सत्ता में वापसी पर प्रदेश में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।
- जमीन और लव जिहाद: पार्टी ने 'जमीन जिहाद' पर रोक लगाने और 'लव जिहाद' के खिलाफ कठोर कानून लाने का संकल्प लिया है।
- समान नागरिक संहिता (UCC): प्रदेश में UCC लागू करने का वादा किया गया है, हालांकि मुख्यमंत्री ने साफ किया कि छठी अनुसूची के क्षेत्रों और जनजातीय इलाकों को इससे बाहर रखा जाएगा।
- रोजगार: अगले 5 वर्षों में 2 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य।
- बाढ़ मुक्त असम: बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए शुरुआती दो वर्षों में 18,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर साधा निशाना
घोषणापत्र जारी करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में असम की जीडीपी तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने विकास के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि प्रति व्यक्ति आय जो 2020-21 में 1.03 लाख रुपये थी, वह 2024-25 में बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। सीतारमण ने बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए कहा,"कांग्रेस के 50 सालों में ब्रह्मपुत्र पर केवल 3 पुल बने, जबकि हमारी सरकार ने 10 साल में 9 पुल बनाए और 5 अभी निर्माणाधीन हैं।"
'वन डिस्ट्रिक्ट, वन यूनिवर्सिटी' का लक्ष्य
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन यूनिवर्सिटी और वन इंजीनियरिंग कॉलेज' का विजन पेश किया। वहीं, पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह संकल्प पत्र जनता के 2.45 लाख सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है।
