यूपी चुनाव 2022: प्रत्याशी चयन के लिए कल दिल्ली में होगी भाजपा नेताओं की बैठक

Monday, Jan 10, 2022 - 06:28 PM (IST)

नेशनल डेस्कः विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची बनाने में जुटी हुई हैं। आम आदमी पार्टी समेत कई पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है। वहीं, राष्ट्रीय राजनीतिक दल अभी अपने प्रत्याशियों को लेकर मंथन करने में जुट गए हैं। सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भाजपा नेताओं ने पहले चरण के प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया।

बताया जा रहा है कि कल दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की बैठक होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा समेत संगठन के और पदाधिकारी शामिल होंगे।

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे। मीडिया से बातचीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हम प्रदेश में 300 प्लस सीटें जीतने के लिए सघन सम्पर्क अभियान शुरू करेंगे। 11 जनवरी से जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा।

कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए डोर टू डोर प्रचार अभियान चलाया जाएगा। हम जनता के बीच मोदी-योगी सरकार की नीतियों को लेकर जाएंगे। हम प्रदेश के तीन करोड़ लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को प्रदेश के 27 हजार शक्ति केंद्रों पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया जाएगा। जनता भाजपा के साथ है। सपा के साथ आजम खां, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी व इमरान मसूद हैं।

Yaspal

Advertising