भाजपा नेता का आरोप- ममता राज में ''जय श्री राम'' बोलना पाप

Monday, Apr 24, 2017 - 06:10 PM (IST)

नई दिल्ली: भाजपा ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हिंदुओं को राम नवमी जैसे धार्मिक उत्सव मनाने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि तृणमूल कांगे्रेस सरकार अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। यहां हिंदू राम नवमी जैसे धार्मिक पर्व नहीं मना सकते लेकिन मुहर्रम के जुलूस पर बिना अनुमति के हथियार लेकर निकलने की इजाजत दी जाती है।

ममता सरकार पर लगाया मुस्लिम तुष्‍टीकरण का आरोप
उन्होंने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस सरकार अपनी तुष्टीकरण की नीति को नहीं बंद करती तो हम आंदोलन करके इस पर रोक लगाएंगे। पश्चिम बंगाल में पुलिस द्वारा हिंदुओं पर कथित अत्याचार के विरोध में भाजपा के एक जुलूस में भाग ले रहे विजयवर्गीय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार को सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मुसलमानों को ईद, मुहर्रम मनाने की इजाजत दी जाती है तो हिंदुओं को भी उनके त्योहार मनाने की इजाजत मिलनी चाहिए।

राम नवमी के जुलूस पर पुलिस द्वारा कथित तौर पर लाठीचार्ज करने के बाद व्याप्त तनाव के मद्देनजर भाजपा नेता का बयान आया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में जय श्री राम जैसे नारे लगाना पाप हो गया है। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हम सड़कों पर उतरे हैं। राम नवमी पर संघ से जुड़े लोगों द्वारा कथित तौर पर तलवारें लहराये जाने का जिक्र करते हुए ममता ने 12 अप्रैल को कहा था कि कुछ स्थानीय लोगों ने अचानक से लोगों से तलवारों के साथ खेलने को कहा। यह बंगाल की संस्कृति नहीं है।

Advertising