भाजपा नेता का आरोप, बूथ पर कब्जा करने के पक्ष में खड़ी है कांग्रेस

Sunday, Mar 18, 2018 - 07:20 PM (IST)

पटनाः बिहार के पथ निर्माण मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की बजाए मैनुअल वोटिंग के पक्ष में अपनी धारणा व्यक्त कर कांग्रेस ने बूथ पर कब्जा करने की परंपरा को फिर से लागू करने की मंशा पर स्वीकृति की मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने जहां ईवीएम के जरिए मतदान को सराहा है वहीं उम्मीदवारों के खर्च को भी बचाया है। 

कांग्रेस गिने-चुने राज्यों में ही सिमट गई 
यादव ने कहा कि बैलेट पैपर से मतदान करवाने की मांग के पीछे कांग्रेस की मंशा को जनता अब भांप चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कांग्रेस मुक्त भारत अभियान को पूरे देश की जनता का जबरदस्त समर्थन मिला और अब कांग्रेस गिने-चुने राज्यों में ही सिमट कर रह गई है। 

कांग्रेस में जान फूंकने की कवायद बेकार 
मंत्री ने कहा कि देश में न केवल कांग्रेस की साख लगातार गिर रही है बल्कि अब वह बर्बादी की कगार पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जान फूंकने की कवायद आने वाले दिनों में और भी बेकार साबित होगी। उन्होंने कहा कि चाहे युवराज राहुल गांधी (कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष) कितनी भी ताकत क्यूं न लगा दें उनकी पार्टी में जान नहीं आ सकती है। नंदकिशोर यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के छह दशक के शासनकाल में देश का विकास नहीं हो सका। कांग्रेस नेता लाखों-करोड़ों रुपए के घपले-घोटाले में लिप्त रहे। वह केवल अपनी जेब भरते रहे। उन्होंने कहा कि यही नहीं कांग्रेस का साथ देने वाले दल भी केवल धन उगाही में ही लगे रहे। 

देश की जनता का पीएम मोदी के प्रति भरोसा निरंतर बढ़ा 
मंत्री ने कहा कि केवल चार वर्ष के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र की राजग सरकार के उत्तम और सराहनीय कार्य ने दिखा दिया कि देश का चतुर्दिक विकास कैसे संभव है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि देश की जनता का मोदी के प्रति भरोसा और विश्वास निरंतर बढ़ा है और कांग्रेस मुक्त भारत का संकल्प साकार हो रहा है।

Punjab Kesari

Advertising