बीफ की पुष्टि होने के बाद भाजपा नेता गिरफ्तार, गोरक्षकों ने की थी पिटाई

Monday, Jul 17, 2017 - 05:01 PM (IST)

नई दिल्ली: नागपुर के काटोल तहसील के भारसिंगी के भाजपा कार्यकर्ता सलीम शाह को नागपुर ग्रामीण पुलिस ने गो हत्या प्रतिबंधित कानून के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायालय ने भी सलीम पर लगे आरोपों के तहत उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। बीते शनिवार नागपुर की रीजनल फोरेंसिक लैब में सलीम के पास से बरामद मांस के बीफ होने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में सलीम के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। सलीम काटोल तहसील की भाजपा की अल्पसंख्यक इकाई के पूर्व प्रभारी थे।

भाजपा नेता को पार्टी ने किया निष्कासित
इस मामले के सामने आने के बाद शाह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बीते बुधवार सलीम शाह अपने स्कूटर पर 15 किलो बीफ ले जा रहे थे। प्रहार सेना के सदस्यों को इसकी भनक लगी और फिर उन्होंने शाह की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने इस केस में 4 लोगों को भी गिरफ्तार किया था। इस घटना के बाद नागपुर देहात के एसपी शैलेश बालकावड़े ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के संबंध में चेतावनी जारी की थी। 

Advertising