साम्बा जिले में भगवा पार्टी की सुनामी,डीडीसी चुनाव में 14 में से 13 सीटों पर किया कब्जा

Wednesday, Dec 23, 2020 - 02:44 PM (IST)

साम्बा (संजीव): जम्मू-कश्मीर में पहली बार हुए जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव में साम्बा जिले में एक बार फिर से भाजपा का परचम लहराया और मोदी लहर ने विरोधियों के तमाम मुद्दों को निष्प्रभावी एवं मंसूबों को नेस्तानाबूद कर दिया। मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। जिले की सभी 14 सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती शुरू होते ही रूझान आना शुरू हो गए और भाजपा ने कई प्रमुख सीटों पर बढ़त बना ली। जिले की दोनों विधानसभा सीटों, साम्बा (सुरक्षित) और विजयपुर की 6-6 सीटों के अलावा घगवाल और राजपुरा की एक-एक सीट पर जीत दर्ज कर भाजपा ने विरोधियों को कड़ी टक्कर दी। 


    अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित साम्बा एसेम्बली हलके की 6 डीडीसी सीटों पर भाजपा को पैंथर्स और निदर्लीयों से टक्कर मिली तो विजयपुर हलके में भगवा पार्टी और नेशनल कांफ्रेंस के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ। अधिकांश सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने पहले चरण से ही अच्छी-खासी बढ़त बना ली जो गिनती के अंतिम राऊंड तक बनी रही। 


    डीडीसी चुनाव के नतीजों से साफ होगया है कि जिले में मोदी लहर खूब चली। मतदाताओं ने राज्य नेतृत्व से नाराजगी के बावजूद भाजपा पर भरोसा जताया। नौकरियोंं में भेदभाव, सरोर में लगाए गए टोल प्लाज़ा और हाई स्पीड इंटरेनट (4-जी) पर प्रतिबंध जैसे मुद्दे भी विपक्ष के काम नहीं आए। गुपकार एजेंडा भी चुनाव में हावी रहा और लॉकडाउन में मुफ्त राशन वितरण जैसी सुविधाओं के अलावा पैंशन, किसान सम्माननिधि जैसी केन्द्रिय योजनाओं के लाभार्थियों ने भाजपा को वोट किया। सीमावर्ती इलाकों में भी भाजपा को खूब वोट मिले और बार्डर आरक्षण, बंकर निमार्ण और वनटाईम सेटलमेंट मुआवजा राशि के अलावा धारा-370 हटने से विस्थापितोंं व पाक शरणार्थियों को मिले अधिकारों जैसे मुद्दों ने भाजपा की राह आसान कर दी। 
 

Monika Jamwal

Advertising