टीपू जयंती के विरोध में भाजपा का कर्नाटक में आंदोलन

Friday, Nov 09, 2018 - 09:33 PM (IST)

बेंगलुरुः  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक सरकार की ओर से शनिवार को मनाए जाने वाले टीपू जयंती समारोह के विरोध में शुक्रवार को राज्यव्यापी आंदोलन किया और राज्य सरकार पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाया। जिला प्रशासन ने कोडागु, चिकमंगलुरु, चित्रदुर्ग, मांड्या और धारवाड़ जिलों में आज से अगले दो दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत प्रदर्शनों, हथियारों को लेकर चलने और पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी लगा दी गई है।



भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री आर. अशोक ने राजधानी में आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जनता दल (एस)-कांग्रेस गठबंधन की सरकार टीपू सुल्तान समारोह केवल मुस्लिम समुदाय को खुश करने और वोट बैंक की रक्षा के लिए आयोजित कर रही हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और जद (एस) पहले टीपू की जयंती मनाने से हिचकती थीं, लेकिन दोनों पार्टियों ने वोट बैंक बचाने के लिए हाथ मिला लिए हैं। कलबुर्गी में भाजपा विधायक दत्तात्रेय पाटिल रेवूर सहित 50 कार्यकर्ताओं को वाहनों के आवागमन में बाधा पहुंचाने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया और बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने टीपू जयंती मनाने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी भी की।



बीदर में प्रदर्शनकारी गणेश मैदान में एकत्र हुए और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और अन्य मंत्रियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-जद (एस) टीपू जयंती मनाकर अल्पसंख्यक समुदाय को खुश करने की कोशिश कर रही है। बेलगावी में आंदोलनकारियों का नेतृत्व लोकसभा सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश अंगडी ने किया। उपायुक्त कार्यालय के समक्ष बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और जयंती समारोह के व्यापक विरोध के बावजूद इसे मनाने के राज्य सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की।

अंगडी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि टीपू सुल्तान एक हिंदू विरोधी था, जिसने हजारों हिंदुओं की हत्या कर दी थी। पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। आंदोलन के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

Yaspal

Advertising