भाजपा ने अरुणाचल में अपने दम पर सरकार बनाने के लिए बनाई बढ़त

Friday, Mar 29, 2019 - 05:36 PM (IST)

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन विधानसभा सीट जीत कर बढ़त बना ली है। भाजपा के पूर्वोत्तर क्षेत्र के पार्टी प्रभारी राम माधव ने कहा कि चीन की सीमा से सटे अरुणाचाल प्रदेश में पार्टी पहली बार अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है और शुरुआती रुझान इसका इशारा कर रहे हैं कि आगे क्या होने वाला है।

उल्लेखनीय है कि 2016 में मुख्यमंत्री पेमा खांडू भाजपा में शामिल हो गए थे जिसकी वजह से भाजपा चुनाव में जीते बिना ही सत्ता में आ गई थी। भाजपा के राज्य में 12 विधायक हैं और खांडू के पार्टी में शामिल होने से पहले वह पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल के साथ गठबंधन में थे। उत्तर-पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन (नेडा) के संयोजक हेमंता बिस्वा शर्मा की देख-रेख में ही अरुणाचल प्रदेश, असम के बाद भाजपा के शासन में आने वाला दूसरा राज्य बना। उन्होंने कहा कि चीन की सीमा के नजदीक तथा रणनीतिक रूप से स्थित राज्य में 2019 तक के पांच साल के कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्री के अधीन पांच बार सरकारें आई और गई हैं। 

शर्मा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अरुणाचल प्रदेश में पहली बार भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी और राज्य को लंबे समय से वंचित एक स्थिर और मजबूत सरकार प्रदान करेगी। भाजपा की विधानसभा चुनाव में जीत के साथ राज्य की दो संसदीय सीटें जीतने पर भी आस्वस्त है। प्रदेश में दो लोकसभा सीटे हैं जिनमें से पश्चिमी अरुणाचल सीट का प्रतिनिधित्व केन्द्रीय राज्य मंत्री किरण रिजिजू कर रहे हैं तथा पूर्वी सीट से कांग्रेस के निनोंग एरिंग हैं जिनको पार्टी ने इस बार विधानसभा की पासीघाट सीट से टिकट दिया है। राज्य में 11 अप्रैल को विधानसभा एवं लोकसभा के चुनाव एक साथ होने हैं।

shukdev

Advertising