महाराष्ट्रः रिश्तों की डोर में बंधेंगे दो सियासी परिवार, ठाकरे परिवार की बहू बनेगी BJP नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी

Wednesday, Dec 08, 2021 - 12:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र में दो राजनीतिक परिवारों में इन दिनों शादी के समारोहों की तैयारियां चल रही हैं। शिवसेना सांसद संजय राऊत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, मंत्री गुलाबराव पाटिल, जितेंद्र आव्हाड के बाद अब भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल के घर भी शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व सहकारिता मंत्री हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता ठाकरे परिवार की बहू बनने जा रही है।

 

28 दिसंबर को मुंबई के ताज होटल में यह शादी होगी। ठाकरे परिवार के एडवोकेट निहार ठाकरे और अंकिता पाटिल शादी के बंधन में बंधेंगे। अंकिता पाटिल वर्तमान में पुणे जिला परिषद की सदस्य हैं और इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन की निदेशक भी हैं। वहीं निहार शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के दिवंगत बेटे बिंदु माधव ठाकरे के बेटे हैं। वो मुंबई में एडवोकेट के तौर पर काम कर रहे हैं। बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे निहार के सगे चाचा हैं और मनसे प्रमुख राज ठाकरे चचेरे चाचा। हर्षवर्धन पाटिल ने राज ठाकरे के घर जाकर शादी का न्योता दिया।

 

1996 में हुआ था बिंदु माधव ठाकरे का निधन
1996 में बिंदु माधव ठाकरे का निधन हो गया था, उस समय महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार थी। उस वक्त बालासाहेब ठाकरे ने बिंदु ठाकरे की याद में मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे बनाने की कल्पना की थी, उस सरकार में इस एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हो गया था लेकिन इसे बनने में समय लग गया।

 

हर्षवर्धन पाटिल कद्दावर नेता
हर्षवर्धन पाटिल 2019 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए थे, उससे पहले वे कांग्रेस में थे। हर्षवर्धन पाटिल कद्दावर नेता माने जाते हैं, वो पुणे जिले की इंदापुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे हैं। 1995, 1999 और 2004 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल की।

Seema Sharma

Advertising