CAA पर राहुल और प्रियंका ने जनता को किया गुमराह, कांग्रेस-AAP ने भड़काए दंगे: अमित शाह

Sunday, Jan 05, 2020 - 02:52 PM (IST)

नई दिल्लीः भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की ही सरकार बनेगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को बूथ कर्यकर्त्ता सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का ये दृश्य बता रहा है कि फरवरी के अंत में दिल्ली में किसकी सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि मैं मीडिया के मित्रों से कहना चाहता हूं कि ये जनता नहीं है, इतनी बड़ी संख्या में ये बूथ के चुनिंदा कार्यकर्त्ता हैं। कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश की जनता को CAA पर गुमराह किया और कांग्रेस-आप ने मिलकर दिल्ली में दंगे करवाए। प्रियंका लोगों के घर-घर जाकर उनको CAA पर गुमराह कर रही है। अल्पसंख्यों को भड़काया जा रहा है। शाह ने कहा, ‘‘ मैं दिल्ली की जनता से पूछना चाहता हूं ...क्या आप ऐसी सरकार चाहते हैं जो दिल्ली में दंगे करवाए ?'' 

शाह ने कहा कि जनता को कोई झांसा सिर्फ एक बार दे सकता है, बार-बार नहीं दे सकता। एक बार केजरीवाज ने झांसा दे दिया अब लोग उनके झूठे झांसों में नहीं आएगी। शाह ने कहा कि जनता केजरीवाल सरकार से हिसाब मांगे कि 5 साल में क्या किया। जब चुनाव नजदीर आए तो सीएम साहब को अपने चुनावी वादे याद आए।

शाह के संबोधन के प्रमुख अंश

  • लोकसभा के चुनाव हुए तो आप पार्टी का सूपड़ा साफ हुआ और भाजपा का झंडा लहराया। दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा सांसद हैं। वहीं नगर निगम के चुनाव में भी आप पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। 
  • ननकाना साहिब में सिख भाइयों पर हमला हुआ, अब बताइएं वो लोग कहां जाएं। हम उनकी मदद नहीं करेंगे तो कौन करेगा।
  • राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे।
  • बाकी पार्टियों के लिए चुनाव सत्ता प्राप्त करने का साधन हो सकता है। लेकिन भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है। हम मानते हैं कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है। भाजपा कार्यकर्ताओं के पास मौका है कि दिल्ली के घर-घर में जाकर हमारी नीतियां जनता तक पहुंचाने का।
  • भाजपा को चुनाव सभाओं से नहीं लड़ना है, बल्कि घर-घर जाकर लड़ना है। मौहल्ला मीटिंग करके लड़ना है। इस मौहल्ला मीटिंग की शुरुआत मैं ही करने जा रहा हूं।
  • केजरीवाल जी अखबारों में अपनी फोटो वाला विज्ञापन देकर बधाई दे रहे हैं। अरे आपने कौन सा काम पूरा कर लिया, ये तो बताइए। 5 साल सरकार चलाने के बाद आप अब कामों को शुरु कर रहे हैं।
  • हमने कहा था कि दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करेंगे। नरेन्द्र मोदी जी ने अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने की शुरुआत कर दी है।
  • 1984 में सिखों का नरसंहार हुआ। कई सिख भाई-बहनों का कत्लेआम कर दिया। कांग्रेस की सरकारें उनके घावों पर मरहम नहीं लगाती थी। मोदी सरकार ने हर पीड़ित को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा दिया और जो दोषी थे उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डालने का काम किया।
  • केजरीवाल जी ने दिल्ली के लिए क्या किया जरा बताइए। आपने कहा था कि 20 कॉलेज बनाएंगे, ये कॉलेज कहां गए पता नहीं। 5000 से ज्यादा स्कूल बनाने का वादा किया था, मैं चश्मा चढ़ा के देख रहा हूं कि कहां स्कूल बने, पर कहीं नहीं दिखता।
  • दिल्ली में 15 लाख सीसीटीवी कैमरे लगने थे, लेकिन नहीं लगे। अनुबंधित शिक्षकों-कर्मचारियों को पक्का करना था, वो नहीं किया। और हम जो देना चाहते थे उसमें भी केजरीवाल रुकावट बने हैं। दिल्ली की जनता अब इन्हें जान चुकी है।

Seema Sharma

Advertising