आजादी के बाद पहली बार भाजपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई: शाह

Sunday, Jun 11, 2017 - 08:02 PM (IST)

नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सांसदों और विधायकों तक लोग पहुंच नहीं पाते थे वहीं उनकी पार्टी ने जनप्रतिनिधियों के जनता के बीच जाने के तरीके में ‘संस्थागत बदलाव’ किए हैं। शाह ने यहां एक समारोह को संबोधित करते हुए दावा किया कि मोदी सरकार बनने से पहले लोग सोचते थे कि कहीं देश में बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था विफल तो नहीं हो गई। उन्होंने कहा कि मैं एक गांव में पला-बढ़ा हूं। तब देश के कई हिस्सों में कांग्रेस के जनप्रतिनिधि थे। हमने देखा था कि किसी विधायक या सांसद से मिलना कल्पना से परे था।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लेकिन उनकी पार्टी ने एक जनप्रतिनिधि के ‘लक्षणों’ को बदल दिया है। आज लोग अपने जनप्रतिनिधियों के पास नहीं जाते। जनप्रतिनिधि ‘जनता दरबार’ लगाते हैं, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों के दौरे करते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि तब तक अपना काम प्रभावी तरीके से नहीं कर सकते जब तक वे जनता के बीच नहीं जाते। शाह ने कहा किआजादी के बाद पहली बार किसी गैर-कांग्रेसी दल ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि इन तीन साल में हमने दिखाया है कि बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी विषम परिस्थतियों के खिलाफ और सभी अवरोधों के बीच महान राष्ट्र का निर्माण संभव है।
 

Advertising