त्रिपुरा में भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच चले लात घूंसे, अगरतला शहर में लगाई धारा 144

Sunday, Feb 27, 2022 - 03:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क: त्रिपुरा के अगरतला शहर में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के कार्यकर्त्ताओं के बीच शनिवार को झड़प हो गई। इस घटना के बाद त्रिपुरा प्रशासन ने अगरतला के कुछ हिस्सों में CPC की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगा दिया है। झड़प की घटना के बाद मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के विधानसभा क्षेत्र बनमालीपुर में भारी सुरक्षा देखी गई है. झड़प में कांग्रेस नेता सुदीप रॉय बर्मन सहित कई पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

 

बर्मन हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे, उन्‍होंने घटना के बाद खुद के घायल होने पर गुस्‍सा जताया। झड़प में भाजपा का एक स्थानीय पार्टी कार्यालय भी मामूली रूप से क्षत‍िग्रस्‍त हो गया। भाजपा के पूर्व मंत्री और विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने झड़प में चोटिल होने पर पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। हालांकि किसी भी पक्ष ने  कोई रिपोर्ट दर्ज नहींं कराई है।

 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमने यह पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू कर दी है कि झड़प कैसे शुरू हुई और इसके लिए जिम्मेदार लोग कौन हैं। हमें अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है लेकिन फिर भी हम अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।  वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए रात भर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। राज्य प्रशासन ने अगरतला के कुछ स्थानों पर प्रतिबंध लगा दिया जिससे इन क्षेत्रों में पांच या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। प्रतिबंध रात 10:30 बजे से सुबह 5 बजे तक लगाए गए थे। 
 

Seema Sharma

Advertising