‘ड्रामेबाज पार्टी नंबर वन’ कांग्रेस घटियापन पर उतरी: भाजपा

Monday, Oct 23, 2017 - 06:31 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को ‘ड्रामा पार्टी नंबर वन’ करार दिया है और मेहसाणा के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पुत्र एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के कार्यकर्ता अल्पेश ठाकोर को कांग्रेस में शामिल कराने को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि वह हताशा में घटिया राजनीति पर उतर आई है। 

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अल्पेश ठाकोर एनएसयूर्आइ का कार्यकर्ता है और हाल ही में कांग्रेस के टिकट पर मेहसाणा पंचायत का चुनाव लड़ चुका है। अल्पेश के पिता मेहसाणा के जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे हैं। ऐसे में पैदायशी कांग्रेसी अल्पेश ठाकोर को कांग्रेस में शामिल कराने का राजनीतिक ड्रामा यह साबित करता है कि कांग्रेस अब‘ड्रामेबाज पार्टी नंबर वन’बन गयी है। 

प्रसाद ने कहा कि वह पहले कहते थे कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पूरा होमवर्क नहीं करते हैं और उनकी स्क्रिप्ट कोई और लिखता है लेकिन अब वह यह भी कहेंगे कि गांधी का स्क्रिप्ट लेखक भी पूरा होमवर्क नहीं करता है। उन्होंने कहा कि गांधी को समझना होगा कि देश की राजनीति एक गंभीर राजनीति है। उनके ट्वीट कभी इंडोनेशिया में ट्रेंड करते हैं और कभी रूस में और कभी कजाखस्तान में। उन्हें खुशी होगी कि अगर गांधी को लोग भारत में भी ट्रेंड करें।   उन्होंने कहा कि कांग्रेस 22 साल से गुजरात में सत्ता से बाहर है। आजादी की लड़ाई लडऩे वाली पार्टी हताशा में आकर राजनीति को इतना नीचे गिरा रही है।

उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता गंभीरता से विकास की राजनीति पर चलती आयी है। गांधी की समस्या यह है कि वह अपने अनुभव से कुछ सीखते नहीं हैं।  पाटीदार समुदाय के एक नेता को एक करोड़ रुपए में खरीदे जाने के विवाद पर प्रसाद ने कहा कि उक्त नेता एक करोड़ रुपए में खरीदने की कोशिश का आरोप लगा रहा है लेकिन केवल 10 लाख रुपए दिखा रहा है। यह पूछा जाना चाहिए कि बाकी 90 लाख रुपए कहां गए। उन्होंने कहा कि भाजपा पर खरीद फरोख्त का आरोप लगाने वाली पार्टी को याद रखना चाहिए कि भाजपा के सांसदों को भी खरीदने का प्रयास हुआ था और हमारे सांसदों ने संसद में पूरे एक करोड़ रुपए पेश किए थे लेकिन तत्कालीन लोकसभाध्यक्ष ने निष्पक्षता से कार्रवाई नहीं की थी। लोगों को याद है कि भाजपा के सांसदों को खरीदने की कोशिश किसने की थी।   

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास झूठ, भ्रष्टाचार एवं विकास की अनदेखी का रहा है। गुजरात के लोग विकास एवं शांति के पक्षधर है। प्रसाद ने कांग्रेस को नसीहत भरे स्वरों में एक गीत की कुछ पंक्तियां कहीं, सच्चाई छिप नहीं सकती, बनावट के उसूलों से, खुशबू आ नहीं सकती कभी कागज के फूलों से।

Advertising