गुजरात चुनाव से पहले भाजपा की हालत खराब: शिवानंद

Tuesday, Nov 14, 2017 - 04:36 PM (IST)

पटनाः बिहार में राजद के उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जनता के सामने इनकी असलियत उजागर होने का नतीजा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा की हालत खराब हो गई है।

तिवारी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान लोगों का विरोधी रुख देखकर भाजपा का आत्मविश्वास डोलने लगा है। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को उत्तर प्रदेश के चुनाव में पूछा तक नहीं गया था लेकिन गुजरात चुनाव में उन्हें भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहां दौरा कर आए हैं। अहमदाबाद के रोड शो में चारो ओर हाथ जोड़कर सड़कों पर घूमते रहे लेकिन गुजरातियों ने उन्हें नोटिस तक नहीं किया।

राजद उपाध्यक्ष ने कहा कि अब देश की जनता असलियत समझने लगी है। भाजपा जनता का भावनात्मक शोषण कर चुनाव जीतती रही हैं लेकिन जनता के सामने असलियत उजागर होने के बाद अब इनकी दाल गलने वाली नहीं है।

Advertising