भाजपा ने किया स्मृति ईरानी की जीत का दावा, कांग्रेस को मिलेगी 44 सीटें

Friday, May 03, 2019 - 07:24 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी के खिलाफ अमेठी सीट से केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी का जीतना तय है और इस बार लोकसभा में कांग्रेस 44 से भी कम के आँकड़े पर सिमट सकती है। लोकसभा के पाँचवें चरण के लिए मतदान से तीन दिन पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने यहाँ भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा ‘‘हमें अनुमान था कि कांग्रेस इस बार 50 तक सीटें जीत सकती है... लेकिन आनंद शर्मा और दूसरे कांग्रेसी नेता जिस प्रकार बात कर रहे हैं, हो सकता है कि कांग्रेस की सीटें 2014 से भी कम रह जाये।'' 

उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मात्र 44 सीटें हासिल कर सकी थी और दूसरी बड़ी पार्टी होने के बावजूद वह विपक्षी दल का दर्जा हासिल नहीं कर सकी थी। विपक्षी दल के दर्जे के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या का 10 प्रतिशत पार्टी के पास होना जरूरी है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछले कई वर्षों से यह मान लिया था कि अमेठी के लोग उन्हें ही वोट देंगे। इसलिए, इस बार बड़े अंतर से श्रीमती ईरानी की जीत तय है। 

उन्होंने कहा ‘‘कई वर्षों तक कांग्रेस ने अमेठी के साथ बुरा बर्ताव किया है और मान लिया कि वहाँ के लोग और उनके वोट पार्टी के पक्ष में ही रहेंगे, जैसे यह उनका पुश्तैनी अधिकार हो। यह उनके साथ धोखाधड़ी थी। वर्ष 2009 में गाँधी करीब तीन लाख मतों से जीते थे, लेकिन 2014 में ईरानी के खिलाफ उनकी जीत का अंतर घटकर एक लाख के करीब रह गया।''  गोयल ने कहा ‘‘2014 के चुनाव में हमने ईरानी का नाम घोषित करने में देरी कर दी थी, इसलिए श्री गाँधी जीते गये थे। हमने उन्हें 14-15 दिन पहले टिकट दे दिया होता तो हम जीत सकते थे।'' 

Yaspal

Advertising