भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांके बिहारी मंदिर में किए दर्शन

punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2026 - 05:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मथुरा स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोकमंगल की कामना की। दोनों नेताओं ने आराध्य के चरणों में शीश नवाकर विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन ने ठाकुर बांके बिहारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और पुष्प अर्पित किए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठाकुर जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि और ‘विकसित भारत' के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शन के उपरांत मंदिर के सेवायतों ने उन्हें प्रसाद दिया। भाजपा अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश की धरती ‘ब्रजभूमि' पर पहुंचे नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आध्यात्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।

PunjabKesari

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम भी उपस्थित रहे। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मांट के विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे। विधायक की माता का हाल में निधन हो गया था। दोनों नेताओं ने उनकी माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News