भाजपा नवरात्र के शुभ दिनों में ला सकती है ''संकल्प पत्र''

Tuesday, Apr 02, 2019 - 07:52 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को घोषणा पत्र जारी कर जिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी नवरात्रों के शुभ समय में रविवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है। पार्टी ने इसे ‘सकल्प पत्र’ का नाम दिया है। इसे भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह की अगुवाई में 20 सदस्यीय कमेटी अंतिम रूप दे रही है।

भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संकल्प पत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास का मुद्दा सबसे अहम रहेगा। इसके अलावा इसमें देश को अगले पांच साल में आगे बढ़ाने का पार्टी का विजन भी दिखाई पड़ेगा। जिस प्रकार से कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में गरीबों को विशेष न्यूनतम आय योजना लागू करने की बात कही है। माना जा रहा है कि भाजपा इसकी काट के लिए कुछ विशेष उपाय कर सकती है।

किसानों के लिए विशेष प्रावधान भाजपा के संकल्प पत्र का सबसे अहम हिस्सा हो सकता है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में भाजपा इस ओर आगे कदम बढ़ा सकती है। इसके अलावा, जनता की विशेष रूचि इस बात में भी हो सकती है कि पार्टी अयोध्या राम मंदिर निर्माण को अपने घोषणा पत्र का हिस्सा बनाती है या नहीं, क्योंकि पिछली बार इस मुद्दे पर पार्टी में काफी घमासान मच गया था।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दो फरवरी को पार्टी के संकल्प पत्र को लॉन्च करने के लिए एक मुहिम की शुरूआत की थी। इसके तहत देश का कोई भी नागरिक नमो एप, पत्र, ईमेल, व्हाट्सएप या एक फॉर्म भरकर किसी मुद्दे पर अपनी राय दे सकता था। पार्टी ने कहा था कि देश के नागरिकों से मिली राय उसके संकल्प पत्र का अहम हिस्सा होगी।
 

Yaspal

Advertising