भाजपा ने किया चंद्रबाबू नायडू पर पलटवार, बताया हताश-परेशान

Saturday, Feb 02, 2019 - 10:43 PM (IST)

अमरावतीः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू द्वारा विधानसभा में भाजपा के एक विधायक की आलोचना किए जाने के एक दिन बाद भगवा पार्टी ने शनिवार को उन्हें ‘‘एसेंबली राउडी’’ कहा और आरोप लगाया कि वह काफी हताश- परेशान हैं।

भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने ट्वीट कर कहा कि हताश चंद्रबाबू नायडू ने भाजपा के विधायकों, विष्णु कुमार राजू और माणिकयाल राव को कल आंध्र प्रदेश विधानसभा में धमकी दी थी कि प्रदेश भाजपा के नेताओं को तेदपा को बेनकाब करने के लिए राज्य में कहीं जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

— GVL Narasimha Rao (@GVLNRAO) February 1, 2019


प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नायडू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का एक नोटिस देने की योजना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विधानसभा में चंद्रबाबू नायडू के बर्ताव से यह खुलासा होता है कि उनका पागलपन चरम पर पहुंच गया है। वह इतने हताश हैं कि ‘एसेंबली राउडी’ की तरह बर्ताव कर रहे हैं।’’

गौरतलब है कि नायडू ने विधानसभा में शुक्रवार को भाजपा के सदन के नेता पी विष्णु कुमार राजू की तीखी आलोचना की थी। इससे पहले राजू ने केंद्र का बचाव करने की कोशिश की थी। दरअसल, मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी सरकार पर कैबिनेट पद आवंटन में दक्षिण भारत से भेदभाव करने का आरोप लगाया था।

 

Yaspal

Advertising