कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, गिनाए राहुल गांधी के '8 झूठ'

Friday, Oct 12, 2018 - 07:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राफेल विमान सौदे पर राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा और कांग्रेस आए दिन इस मामले को लेकर एक दूसरे पर आरोप लगा रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने फर्जी खबर के जरिए देश भर में झूठ फैलाने की कोशिश की लेकिन एक झूठ को सौ बार बोलने से वह सच नहीं बनेगा ।
 

गोयल ने संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस के एक के बाद एक 8 कथित झूठ गिनाते हुए कहा कि झूठ को बार-बार वे ही लोग बोल रहे हैं जिनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे समक्ष पूरी तरह से स्पष्ट स्थिति है जो राष्ट्रहित एवं देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने से जुड़ी है और इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने अत्यंत महत्पपूर्ण रक्षा उपकरणों की खरीद को तेज करने का निर्णय किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने जोर दिया कि इस विषय पर दसाल्ट एविएशन से अधिक स्पष्टता आई है। 

गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय ने राफेल की कीमत और तकनीकी ब्योरे के बारे में चर्चा करने से इंकार किया जो देश की सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में भी झूठ बोला जब राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने खुद फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात की और उनसे राफेल सौदे से जुड़ी गोपनीयता के बारे में पूछा। यह जानकारी के खोखलेपन को दर्शाता है कि राहुल को यह भी पता नहीं है कि गोपनीयता समझौता 2008 में हुआ था, जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे।  


केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया राहुल गांधी ने राफेल के बारे में देश से एक के बाद एक कई झूठ बोले हैं । उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राफेल की भी कई कीमतें बताई। वह महज एक सामान्य विमान और एक ‘फुल्ली लोडेड’ विमान की कीमतों की तुलना कर रहे हैं। यह तुलना ठीक नहीं है । भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल का एक और झूठ था कि कैबिनेट कमिटी ऑफ सिक्योरिटी को इस सौदे की जानकारी नहीं थी, ऐसा न कभी हुआ है और न हो सकता है । 

vasudha

Advertising