Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी ने मेनिफेस्टो कमेटी का किया ऐलान, राजनाथ सिंह करेंगे अध्यक्षता

Saturday, Mar 30, 2024 - 03:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आज मेनिफेस्टो कमेटी का एलान कर दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को मेनिफेस्टो का अध्यक्ष बनाया गया है जबकि केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण की संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया गया है। बीजेपी मेनिफेस्टो कमेटी में कुल 27 सदस्यों को शामिल किया गया है। 

नड्डा ने दी समिति के गठन को मंजूरी
भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इस समिति के गठन को मंजूरी दी है। समिति में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर के अलावा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कुछ पूर्व उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं। मुख्यमंत्रियों में गुजरात के भूपेंद्र पटेल, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, असम के हिमंत विश्व शर्मा और छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय के नाम हैं जबकि पूर्व मुख्यमंत्रियों में शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे के नाम हैं।

समिति के अन्य सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राधामोहन दास अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, ओ पी धनखड़, अनिल एंटनी शामिल हैं। भाजपा ने पिछले माह ही लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। पार्टी ने लोगों से सुझाव मांगने के लिए अलग-अलग इलाकों में 'रथ' भी रवाना किए थे।

किस योजना पर आधारित होगा घोषणा पत्र 
भाजपा अपने घोषणा पत्र को ‘संकल्प पत्र' कहती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार का घोषणा पत्र गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। पार्टी का इस बार का घोषणा पत्र 2047 तक देश को विकसित बनाने की ‘योजना' पर भी आधारित होगा। सूत्रों के मुताबिक 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से पहले पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है।

rajesh kumar

Advertising