भाजपा ने प्रियंका गांधी पर हलफनामे में संपत्ति का पूरा विवरण नहीं देने का आरोप लगाया

punjabkesari.in Saturday, Oct 26, 2024 - 07:40 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरल में वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ने के लिए दायर हलफनामे में अपनी और अपने पति रॉबर्ट वाद्रा की संपत्तियों के बारे में आवश्यक जानकारी नहीं दी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि प्रियंका गांधी उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश का उल्लंघन कर रही हैं जिसमें उम्मीदवारों को अपनी, अपने जीवनसाथी और आश्रितों की संपत्ति का पूर्ण विवरण देने को कहा गया है। भाटिया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय का आदेश सभी नागरिकों के लिए बाध्यकारी है। गांधी परिवार कानून से ऊपर नहीं है। इसका केवल एक ही परिणाम हो सकता है। यदि कोई हलफनामे में गलत जानकारी देता है, तो उसे चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है।''

चुनाव अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच की तारीख 28 अक्टूबर है और भाजपा इस दौरान कांग्रेस महासचिव पर उनके हलफनामे को लेकर निशाना साध रही है। गांधी परिवार द्वारा ‘नेशनल हेराल्ड' समाचार पत्र की संपत्ति कथित तौर पर हड़पने के मामले का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि प्रियंका गांधी के हलफनामे में कुछ ट्रस्ट के माध्यम से ‘एसोसिएटेड जर्नल्स' में उनके शेयरों के स्वामित्व का कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक जानकारी का खुलासा नहीं करने के बराबर है। भाटिया ने दावा किया कि कांग्रेस महासचिव के चुनावी हलफनामे में वाद्रा की तीन कंपनियों का उल्लेख है, जबकि दो अन्य कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी को छोड़ दिया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि उनका आरोप ‘‘अकाट्य'' दस्तावेज पर आधारित है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी ने वाद्रा की केवल तीन कंपनियों - ब्लू ब्रीज कंपनी, नॉर्थ इंडिया आईटी पार्क एलएलपी और स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी के बारे में जानकारी साझा की है, जबकि रियल अर्थ एस्टेट और लंबोदर आर्ट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित विवरण छुपाया है।'' भाटिया ने इन कंपनियों को लेकर वाद्रा के आयकर रिटर्न का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा जानकारी छिपाना एक राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है क्योंकि गांधी परिवार को विश्व स्तर पर सबसे भ्रष्ट राजनीतिक परिवारों में से एक माना जाता है।''

भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘राहुल गांधी और प्रियंका गांधी राजनीति में ‘बंटी और बबली' की तरह धोखे का खेल खेल रहे हैं। राहुल गांधी की संविधान की प्रति रखते हैं, फिर भी उन्होंने कभी यह पढ़ने की जहमत नहीं उठाई कि इसमें वास्तव में क्या कहा गया है।'' उन्होंने प्रियंका गांधी से आरोपों का जवाब देने और मुद्दे पर अपने रुख से लोगों को अवगत कराने को कहा। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस को कानून का पालन करना होगा अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान का पालन करते हुए सभी आवश्यक और प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार को लगता है कि वह कानून की अनदेखी कर लोगों को बेवकूफ बना सकता है। उन्होंने कहा कि किसी को भी ऐसा भ्रम नहीं पालना चाहिए। वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव 13 नवंबर को होना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News